पटन नगर निगम की खाली जमीन की समीक्षा शुरू हो गई है। नगर निगम के स्तर पर तमाम संपत्तियों का आकलन किया जा रहा है। ऐसी जमीन जो नगर निगम की है और उस पर अतिक्रमण है तो उसे खाली कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। नगर निगम की काफी जमीन पर अतिक्रमण है, वहीं उसे विभिन्न योजनाओं के लिए दूसरे विभागों से जमीन मांगनी पड़ रही है।

अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान स्थल निरीक्षण के क्रम में निगम को मुख्य सड़कों के आसपास विभागीय जमीन की जानकारी मिली है। अब सभी अंचलों में इस प्रकार की जमीन की खोज कर उसे निगम अपनी योजनाओं के तहत विकसित करने की योजना तैयार कर रहा है। बोरिंग रोड में ही तीन स्थानों पर निगम की खाली जमीन की जानकारी मिली है। इसमें कृष्णा अपार्टमेंट के सामने की जमीन पर अतिक्रमण को चिह्नित किया गया है।

वहां निगम की जमीन पर दुकान बना ली गई थी। उसे जल्द तोड़ा जाएगा। इस जगह को निगम प्रशासन पार्किंग स्थल के रूप में विकसित करेगा। यहां पर दुकान बनाकर भी उसे आवंटित किया जा सकता है। बोरिंग रोड जैसे इलाके में इस जमीन पर निगम की योजना चल सकती है। इसी प्रकार एएन कॉलेज के आगे जर्जर वार्ड कार्यालय काे पुलिस ने पकड़े गए वाहनों का कबाड़ स्थल बना दिया है। इसे भी खाली कराया जाएगा।

मार्केट बनाकर राजस्व में वृद्धि पर भी हो रहा विचार

अंचलों में गीला व सूखा कचरा के अलग-अलग उठाव को लेकर नगर निगम विशेष याेजना तैयार कर रहा है। गीला कचरा के अलग उठाव के बाद उसकी कंपोस्टिंग के लिए यूनिट का निर्माण किया जाना है। इसके लिए भी जगह पर्याप्त मात्रा में नहीं मिल पा रही है।

अगर निगम की अतिक्रमित जमीन को खाली करा दिया जाए तो इन स्थानों पर कंपोस्टिंग यूनिट को लगाया जा सकता है और सूखा कचरा को मुख्य कूड़ा प्वाइंट तक ले जाने के लिए भी व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा निगम को पार्किंगस्थल के निर्माण के लिए भी जमीन की जरूरत है। प्रमुख स्थानों पर निगम प्रशासन मार्केट का निर्माण कर अपने राजस्व में भी वृद्धि की योजना तैयार कर रहा है।



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Encroachment on corporation land at three places in Baring Raid, eviction action soon


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2VrKtw9