कहलगांव अनुमंडल में पेड़ों को काटने का मामला थम नहीं रहा है। असामाजिक तत्व लगातार किसानों द्वारा लगाए गए पेड़ों को काट रहे हैं। लेकिन पुलिस अब तक एक भी मामले में गिरफ्तारी तो दूर किसी की पहचान भी नहीं कर पाई है। ताजा मामला शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के मथुरापुर की है।
जहां शुक्रवार की शाम असामाजिक तत्वों ने इसी गांव के प्रमोद कुमार जायसवाल, रामाकांत तांती, विजय तांती, शंभु वर्मा, अनंत महतो और अमन कुमार के 66 आम के पेड़ काट डाला। आसपास के लोग नए साल पर पिकनिक मना रहे थे। आवाज आने पर कुछ ग्रामीण बगीचा की ओर गए तो पेड़ों को काट रहे लोग भाग गए। पीड़ित किसानों ने शिवनारायणपुर थाना में अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
किसानों ने बताया कि काटे गए सभी पेड़ चार-पांच साल पहले लगाए गए थे। उम्मीद थी कि इस बार उनमें फल लगेंगे, लेकिन पर्यावरण के दुश्मनों ने हमारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। वहीं पंचायत के मुखिया जयनाथ महतो ने बताया कि पीड़ित किसान गरीब हैं। बड़ी मुश्किल से वे अपनी जमीन पर आम के पौधे लगाए थे।
पीड़ित किसानों के साथ ग्रामीणों ने भी पुलिस से असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद पीड़ित किसानों के साथ ग्रामीणों में भी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर जहां सरकार पर्यावरण को बचाने के लिए योजनाएं चला रही हैं।
वहीं दूसरी ओर असामाजिक तत्व पेड़ों को काट रहे हैं। विडंबना यह कि पुलिस और प्रशासन ऐसे लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई करने में विफल साबित हो रही है। किसानों ने चेतावनी दी है कि सात दिन में असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर कार्रवाई नहीं की गई तो हम आंदोलन करेंगे।
कहलगांव अनुमंडल में एक साल में 2000 से अधिक पेड़ काट चुके हैं असामाजिक तत्व
कहलगांव अनुमंडल क्षेत्र में पिछले एक साल में करीब 2000 हजार पेड़ों को असामाजिक तत्व काट चुके हैं। नवंबर में नंदलालपुर में असामाजिक तत्वों ने लगभग 200 आम, सागवान और महोगनी के पेड़ों को काट डाला था। जुलाई में भी सियां पंचायत में तीन दर्जन से ज्यादा आम व सागवान के पेड़ काटे गये थे। इसके अलावा पीरपैंती के शादी सीमानपुर, रिफातपुर गांव सहित कई जगहों पर पेड़ काटने की घटना हो चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/3o86exO
0 Comments