चिरैयाटांड़ पुल पर शनिवार की रात लगभग 12:30 बजे डेहरी ऑन सोन की रहने वाली शिक्षिका साइका परवीन की लूट के दौरान हुई हत्या के मामले में एसआईटी ने तीसरे अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। जक्कनपुर थाना पुलिस ने आलमगंज के रहने वाले सोनू कुमार को मीठापुर बस स्टैंड के पास से मंगलवार को गिरफ्तार किया। सोनू के पास से घटना में प्रयुक्त एक देसी पिस्टल, एक कारतूस और एक मोबाइल बरामद हुआ।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद सोनू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। घटना में शामिल चौथा अपराधी भी पटना सिटी का रहने वाला है। पुलिस ने उसकी पहचान कर ली है। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। जक्कनपुर थानेदार मुकेश वर्मा ने कहा कि जल्द ही चौथे अपराधी को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वारदात के 24 घंटे बाद ही सिटी एसपी के नेतृत्व वाली एसआईटी ने घटना के साजिशकर्ता अवधेश उर्फ जिसु और गौरव सिंह को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी के बाद गौरव ने खुलासा किया था कि वे लोग लूटपाट के लिए चिरैयाटांड़ पर ऑटो रोके थे। जब शिक्षिका ने विरोध किया तो सोनू ने उनकी आंख में गोली मार दी।

एक महिने पहले ही जेल से छूट कर आया था सोनू

गिरफ्तार सोनू एक महीने पहले ही जेल से छूटकर बाहर आया है। वह हत्या के आरोप में जेल में बंद था। मामला फरवरी का है। सोनू, रोहित उर्फ चमोकन, मुर्गिया, जिसु, गौरव इन लोगों का गिरोह है। सभी स्नेचिंग, लूटपाट और ट्रेनों में चोरी करते हैं। इन्हीं लोगों के साथ मुकेश नाम का लड़का भी रहता था। चिमोकन को शक हो गया कि मुकेश का उसकी पत्नी से अवैध संबंध है। इसके बाद सबों ने मिलकर चाकू से गोदकर मुकेश की हत्या कर दी।

जंक्शन पर पिया था गांजा, फिर बनाई लूट की याेजना

अवधेश किराए पर ऑटो लेकर पटना जंक्शन से आगमकुआं के बीच चलाता है। उसने अपने कई साथियों के साथ मिलकर ऑटो लिफ्टर गैंग बना लिया है। शनिवार की रात पटना जंक्शन पर अवधेश उर्फ जिसु, गौरव साथ साथ थे। दोनों वहीं गांजा पीने के बाद लूट की प्लानिंग बनाए। राजेंद्र नगर टर्मिनल जाने पर दोनों ने सोनू को अपने साथ किया और चौथे शातिर को अगमकुआं में बिठा लिया। अगमकुआं में ही सीवान से पहुंचे बैंककर्मी इमरान और उनकी पत्नी शिक्षिका ऑटो का इंतजार कर रहे थे।

जिसु ऑटो लेकर पहुंचा और 150 में जंक्शन पहुंचा देने की बात तय हुई। तब जिसु ने पहले से बैठे तीनों शातिरों के बारे में कहा कि ये यात्री हैं, इन्हें भी जंक्शन जाना है। दोनों पति पत्नी उसी ऑटो में बैठ गए। रात लगभग साढ़े 12 बजे जैसे ही वे सभी पुल पर पहुंचे, सुनसान देख लूटपाट करने लगे। उसने डराने के लिए हवा में फायरिंग की। इसके बाद भी जब शिक्षिका ने अपना पर्स नहीं दिया तो सोनू ने पहले हवाई फायरिंग की फिर आंख में गोली मार दी।

24 घंटे में मामले का खुलासा हो गया। अनुसंधान में लगी टीम ने बेहतर काम किया है। तीसरा अपराधी भी गिरफ्तार हो चुका है। एक अन्य भी जल्द गिरफ्तार हो जाएगा। उसे चिह्नित कर लिया गया है। अब तक की जांच में यह बात सामने आई कि केस दर्ज करने के दाैरान किसी तरह की सीमा विवाद समाने नहीं आया था। -जितेंद्र कुमार, सिटी एसपी पूर्वी



Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Sonu's third arrest in teacher's murder case, Sonu has gone to jail for killing his wife


from Dainik Bhaskar https://ift.tt/36uoECp